ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
रुड़की। नगर निगम सभागार में भारत रक्षा मंच द्वारा राष्ट्र गौरव और सनातन स्वाभिमान के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें इतिहास, राष्ट्रभक्ति और प्रेरणा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में पधारे उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जहाँ उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज ने सीमित संसाधनों के बावजूद जिस प्रकार ‘स्वराज’ की स्थापना की, वह भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है; उनकी ‘गोरिल्ला युद्ध नीति’ ने विशाल मुगल सेनाओं को घुटने टेकने पर मजबूर किया और आज हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की मजबूती के लिए संगठित होना होगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि स्वामी लोकेश जी महाराज ने शिवाजी के जीवन को राष्ट्रभूमि के प्रति समर्पित बताते हुए उन्हें मुगलिया सल्तनत को कड़ी चुनौती देने वाला महान योद्धा करार दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन भारत रक्षा मंच की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि चौधरी और महामंत्री अजीत सिंह ने संयुक्त रूप से किया, जिन्होंने वर्तमान समय की चुनौतियों का डटकर मुकाबला करने हेतु समाज से संगठित और एकजुट होने का आह्वान किया।