– ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
कलियर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान थाना पिरान कलियर पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए बिहार निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कलियर क्षेत्र स्थित एक होटल में जनसेवा केंद्र की आड़ में फर्जी मोहरों और हस्ताक्षरों का उपयोग कर कूट रचित जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे सरकारी दस्तावेज तैयार कर रहा था। पकड़े गए आरोपी शहनवाज के पास से पुलिस ने 45 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, लैपटॉप, फर्जी मोहरें, छह आधार कार्ड और मानवाधिकार आयोग का एक कथित फर्जी पहचान पत्र बरामद किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी अब तक लगभग एक हजार से अधिक फर्जी दस्तावेज बना चुका है, जिस पर संबंधित अधिकारियों ने कूट रचित होने की पुष्टि की है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना पिरान कलियर में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे न्यायालय में पेश किया है।