ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने घर से लापता हुए तीन नाबालिग बच्चों को चंद घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:00 बजे मोहल्ला चकलान निवासी तीन किशोर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्वालापुर पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाई और सोशल मीडिया व इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस टीम की मेहनत रंग लाई और तीनों बच्चों को मालवीय धाम क्षेत्र के पास से सुरक्षित ढूंढ निकाला गया। कोतवाली बुलाकर बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया, जिसके बाद परिजनों और क्षेत्र की जनता ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।