रुड़की (ग्रामीण तहकीकात)। उत्तराखंड राज्य के सपनों को साकार करने और क्षेत्रीय अस्मिता की रक्षा के लिए उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने संगठन को नई धार देते हुए क्षेत्र के सक्रिय समाजसेवी दीपक लाखवान को रुड़की जिलाध्यक्ष की कमान सौंपी है। गुरुवार को रुड़की के एक स्थानीय होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने संगठन विस्तार की घोषणा करते हुए भाजपा और कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए और कहा कि दोनों राष्ट्रीय दलों की लगाम दिल्ली से नियंत्रित होने के कारण आज उत्तराखंड के मूल मुद्दों—जल, जंगल, जमीन और रोजगार—की घोर अनदेखी की जा रही है। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कुकरेती ने स्पष्ट कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के बलिदान से बना है, लेकिन वर्तमान में व्याप्त भ्रष्टाचार और अपराधियों को मिल रहे संरक्षण ने राज्य की नींव को कमजोर किया है; उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि यदि जनता यूकेडी को मौका देती है, तो शपथ ग्रहण के मात्र 24 घंटे के भीतर रुड़की को संवैधानिक रूप से जिले का दर्जा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यूकेडी नेताओं ने संकल्प दोहराया कि पार्टी धारा 371 के तहत विशेष अधिकारों, मूल निवास प्रमाण पत्र की अनिवार्यता और राज्य के उद्योगों में स्थानीय युवाओं को 80% रोजगार दिलाने के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेगी। साथ ही, किसानों के लिए गन्ने का सर्वाधिक मूल्य और सिंचाई हेतु निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। इस अवसर पर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष दीपक लाखवान ने सभी अतिथियों का शाल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष पंकज व्यास, जयप्रकाश उपाध्याय, गणेश काला, राजेश्वरी रावत, लक्ष्मी रावत, नितिन सैनी सहित शिव कुमार सैनी, जयभारत सिंह रावत, आनंद चौधरी, धर्मेंद्र शर्मा, ब्रह्मसिंह धीमान और दिनेश धीमान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।