ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
नारसन । मंगलौर विधानसभा के खेड़ाजट गांव में पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना के पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया, जिससे पूरा माहौल चुनावी उत्साह से सराबोर हो गया। मीडिया से रूबरू होते हुए भड़ाना भावुक नजर आए और उन्होंने क्षेत्र के साथ अपने गहरे भावनात्मक जुड़ाव को साझा करते हुए कहा कि उनका रिश्ता केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। उन्होंने पिछली हार का दर्द साझा करते हुए सीधे शब्दों में जनता के सामने अपनी बात रखी और कहा— “मेरा इस इलाके से दिल का रिश्ता है और मैं यहां सिर्फ चुनाव के समय आने वाला नेता नहीं हूं; पिछली बार मैं महज 212 वोटों से पीछे रह गया था, लेकिन इस बार उस कमी को पूरा कर मुझे इस क्षेत्र का नक्शा बदलना है। मैं गांवों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं और छोटे-बड़े गांवों की जरूरत के हिसाब से विकास निधि खर्च की जाएगी।” इस दौरान उन्होंने वर्तमान विधायक की कार्यशैली पर भी तीखा तंज कसा और ग्रामीणों से अपील की कि इस बार विकास के नाम पर कोई चूक न होने दें। कार्यक्रम में मौजूद भारी संख्या में समर्थकों और गणमान्य लोगों ने एक सुर में भड़ाना को अपना पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया, जिससे क्षेत्र का सियासी पारा चढ़ गया है।