सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में नशा माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत थाना चिलकाना पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम दुमझेडा के पास घेराबंदी कर अभियुक्त आस मोहम्मद उर्फ आशू को दबोचा, जिसके कब्जे से 15.25 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद खेप की अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त एक शातिर अपराधी है जिसके विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उसे न्यायालय में पेश किया है, जहाँ से उसे जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। फिलहाल पुलिस इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों की तलाश में ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज’ की सघन जांच कर रही है।