देहरादून। शहीद मेजर दुर्गा मल्ल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा गढ़ी कैंट स्थित महेन्द्रा ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय ‘गोरखा हिमालयन फेस्टिवल’ का रविवार को शानदार समापन हुआ, जहाँ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की उपस्थिति में हिमालयी राज्यों की विविध कला और वेशभूषा का अनूठा संगम देखने को मिला। उत्सव के अंतिम दिन जहाँ एक ओर पर्यावरण अनुकूल जीवन और खाद्य प्रसंस्करण पर ज्ञानवर्धक कार्यशालाएं हुईं, वहीं दूसरी ओर मानवता की मिसाल पेश करते हुए अमेरिका निवासी एनआरआई प्रदीप गर्ग ने ट्रस्ट के कार्यों से प्रभावित होकर दो होनहार छात्रों, सबिया थापा और राजकुमाल की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। सांस्कृतिक मंच पर ‘नौनी सोसायटी’ के सहयोग से आयोजित ‘हिमालयी परिधान प्रदर्शन’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें मॉडल्स ने राय, मगर, असमी, मणिपुरी और गुरुंग जैसी पारंपरिक वेशभूषा में रैंप वॉक कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, साथ ही स्थानीय व सिलीगुड़ी से आए कलाकारों ने अपने लोकगीतों से समां बांध दिया। मेले के प्रवेश द्वार पर प्राकृतिक संसाधनों से बना ‘भूकंपरोधी पहाड़ी घर’ और खुकुरी, जांतो व ओखल जैसी पारंपरिक वस्तुओं की प्रदर्शनी ने समृद्ध हिमालयी विरासत को बखूबी दर्शाया, जिसे सफल बनाने में ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला थापा, सचिव प्रभा शाह और उनकी पूरी टीम का विशेष सहयोग रहा।