मुजफ्फरनगर। पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) सहारनपुर परिक्षेत्र, अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में रविवार को पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में राजपत्रित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें वित्तीय अनुशासन और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा व अन्य पुलिस अधीक्षकों की मौजूदगी में डीआईजी ने चालू वित्तीय वर्ष के बजट की मदवार समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्त सरकारी धन का व्यय शासन के मानकों के अनुरूप पारदर्शी, मितव्ययी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयबद्ध सीमा में किया जाए। बजट के साथ-साथ महोदय ने जिले में आए प्रशिक्षु आरक्षियों के व्यवस्थापन को लेकर कड़ा रुख अपनाया और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके आवास, भोजन, पेयजल, स्वच्छता और प्रशिक्षण सामग्री में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। प्रशिक्षण की गुणवत्ता और अनुशासन को पुलिस विभाग की सुदृढ़ छवि का आधार बताते हुए डीआईजी ने सभी क्षेत्राधिकारियों को पूरी निष्ठा और उत्तरदायित्व के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की हिदायत दी, ताकि पुलिस बल की कार्यकुशलता को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सके।