मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने रविवार को बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए महज 24 घंटे के भीतर उन हमलावरों को दबोच लिया, जिन्होंने शनिवार रात एक शादी समारोह से लौट रहे युवकों पर जानलेवा हमला किया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब्दुल्ला, सावेज त्यागी, सुभान, फैज राणा, अदनान, अजीम, हैदर और ताबिश समेत 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। गौरतलब है कि वादी अभिषेक गोयल ने तहरीर दी थी कि मेरठ के लावड़ में शादी से लौटते समय नशे से टोकने पर कार चालक ने रंजिश रखते हुए अपने 15-20 साथियों के साथ वसुंधरा अंडरपास के पास उनकी गाड़ी रुकवाकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया था। इस हमले में युवकों को गंभीर चोटें आई थीं और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक थार और एक स्विफ्ट कार भी बरामद की है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी फैज राणा का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई की चहुंओर सराहना हो रही है।