मंगलौर/रुड़की। कोतवाली मंगलौर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने नहर पटरी पुराने पीर के पास हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए मुजफ्फरनगर निवासी एक हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है। एसएसपी नवनीत सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि 17 फरवरी को पुलिस को मंगलौर नहर पटरी के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसकी शिनाख्त प्रदीप कुमार निवासी घोसीपुरा के रूप में हुई। एसएसपी नवनीत सिंह ने जानकारी दी कि सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से आरोपी विनायक त्यागी को देवबंद तिराहे के पास से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह रुड़की बस अड्डे पर शराब लेने के दौरान प्रदीप से मिला था और फिर दोनों साथ बैठकर शराब पीने लगे। नशे की हालत में प्रदीप के पास रखे ₹20 हजार देखकर विनायक का लालच बढ़ गया, जिसके बाद उसने प्रदीप का गला दबाकर और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस टीम ने आरोपी के पास से लूटी गई नगदी, खून से सनी जैकेट और कत्ल में इस्तेमाल पत्थर बरामद कर लिया है। विधिक कार्यवाही के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज गैरोला, उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, अशोक सिरसवाल, अपर उपनिरीक्षक श्यामबाबू, हेड कॉस्टेबल माजिद खान व अमित शर्मा सहित सीआईयू टीम के उपनिरीक्षक संजय पुनिया, अपर उपनिरीक्षक अश्वनी यादव, हेड कॉस्टेबल मनमोहन भण्डारी, का. महिपाल तोमर, राहुल, अजय काला और उबैद की मुख्य भूमिका रही।