ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
हरिद्वार। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के कुशल नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुलसी चौक स्थित फुटपाथ से चोरी हुई दो वर्षीय बच्ची को मात्र 4 घंटे के भीतर ऋषिकुल चौक के पास से सकुशल बरामद कर लिया है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि सुबह लगभग 9:00 बजे सूचना मिली थी कि कोतवाली नगर क्षेत्र के तुलसी चौक के पास फुटपाथ पर सो रही एक महिला की 2 साल की बच्ची गायब है; चूंकि मामला छोटे बच्चे से जुड़ा था, इसलिए तत्काल 5 संयुक्त टीमें (सीटी कोतवाली, A.H.T.U., C.I.U.) गठित कर पूरे शहर में नाकेबंदी की गई और रेलवे स्टेशन व बस अड्डों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस के इसी बढ़ते दबाव और सक्रियता को देख अपहरणकर्ता बच्ची को बस स्टॉप के पास लावारिस छोड़कर भागने पर मजबूर हो गया। एसएसपी ने आगे बताया कि पुलिस ने लगभग 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें एक युवक देर रात बच्ची को ले जाता हुआ दिखाई दिया है, जिसकी पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने फिलहाल बच्ची को बरामद कर सकुशल परिजनों को सौंप दिया है और अब आरोपी की धरपकड़ के लिए मैन्युअल व डिजिटल पुलिसिंग के जरिए सघन तलाशी अभियान जारी है।