ग्रामीण तहकीकात संवाददाता
भगवानपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ और सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत शुक्रवार प्रातः काल भगवानपुर पुलिस ने मण्डावर चौकी क्षेत्र में व्यापक किरायेदार, फड़-ठेली और मजदूर सत्यापन अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान कुल 115 व्यक्तियों का भौतिक सत्यापन किया गया, वहीं नियमों का उल्लंघन कर बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार रखने वाले 16 मकान मालिकों के विरुद्ध 83 पुलिस अधिनियम के अंतर्गत चालान करते हुए कुल 1,60,000 रुपये का भारी अर्थदंड लगाया गया। पुलिस की इस टीम ने स्पष्ट किया है कि बाहरी व्यक्तियों, घरेलू नौकरों और संस्थानों में कार्यरत मजदूरों के सत्यापन की यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।