रुड़की (ग्रामीण तहकीकात)। प्रधान संगठन विकास खण्ड रुड़की के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान सुल्तानपुर साबतवली, श्रवण कुमार ने मनरेगा के तहत विकास कार्यों पर लगी रोक के खिलाफ प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। मुख्य विकास अधिकारी को भेजे पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा बिना किसी लिखित आदेश के PMAGY, आंगनवाड़ी भवन, कच्चे नाले और तालाबों के निर्माण कार्य रोक दिए गए हैं, जिससे पिछले 6 महीनों से गांवों में जलभराव और गंदगी की स्थिति नारकीय बनी हुई है। श्रवण कुमार ने कड़ा बयान देते हुए कहा कि नई गाइडलाइन के अनुसार वर्क ऑर्डर वाले कार्य निरंतर चलने चाहिए, लेकिन 60:40 का अनुपात ठीक करने के बहाने जनहित के कार्यों को बाधित किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने तत्काल कार्य शुरू करने की अनुमति नहीं दी, तो सोमवार को समस्त ग्रामवासी जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे और वे स्वयं ग्राम हित के लिए आमरण अनशन पर बैठेंगे।



