झबरेड़ा (ग्रामीण तहकीकात)। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) की विजिलेंस टीम ने शनिवार को कस्बा झबरेड़ा और ग्राम मानकपुर में बिजली चोरी और भारी बकाया के खिलाफ एक व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर हड़कंप मचा दिया, जिसके तहत कुल 25 लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। विजिलेंस टीम के एसडीओ धनंजय, विकास, रॉबिन, इंस्पेक्टर मारुतशाह और सब इंस्पेक्टर संजीव त्यागी ने झबरेड़ा एसडीओ मोहम्मद रिजवान व जेई अशोक कुमार के साथ दल-बल सहित बकायादारों की सूची लेकर क्षेत्र में दस्तक दी, इस दौरान 07 ग्रामीणों को सीधे कटिया डालकर बिजली चोरी करते रंगे हाथों पकड़ा गया, जबकि 1 उपभोक्ता घरेलू मीटर का व्यावसायिक उपयोग करते पाया गया। अभियान की गंभीरता को देखते हुए कई बड़े बकायादारों के मीटर मौके पर ही उतार दिए गए, हालांकि कार्रवाई के डर से 5 उपभोक्ताओं ने अपना बकाया तुरंत जमा करा दिया। इस संबंध में एसडीओ झबरेड़ा मोहम्मद रिजवान ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि “बिजली चोरी और बकाया के खिलाफ यह अभियान अनवरत जारी रहेगा; जिन लोगों के कनेक्शन पूर्व में बकाया के कारण काटे गए थे, उनकी पुनः चेकिंग की जा रही है और अवैध रूप से बिजली का उपयोग पाए जाने पर उनके खिलाफ आरसी (RC) काटने व विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, अतः सभी उपभोक्ता भविष्य की परेशानियों से बचने के लिए अपना बिल समय पर जमा करें।”