झबरेड़ा (ग्रामीण तहकीकात)। पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
बीती 2 दिसंबर को नियामतपुर (देवबंद) निवासी रजत कुमार ने झबरेड़ा थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर ने उनकी स्प्लेंडर प्लस बाइक (UP11AN8189) चोरी कर ली है। पुलिस ने तत्काल बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष अजय शाह के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध कोटवाल नहर पुलिया की तरफ से देवबंद जा रहा है। घेराबंदी कर पुलिस ने संदीप उर्फ बीड़ी (पुत्र जितेंद्र), निवासी ग्राम गदरजुड्डा (मंगलौर) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी की गई वही बाइक बरामद हुई।
इस कार्यवाही में थानाध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक जय सिंह राणा, हेड कांस्टेबल रामवीर सिंह और कांस्टेबल मुकेश तोमर मुख्य रूप से शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।