मंगलौर (ग्रामीण तहकीकात): उत्तराखंड की मंगलौर विधानसभा में आगामी चुनावों से पहले सियासी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। मंडावली स्थित भाजपा कार्यालय पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में टांडा-बनेड़ा गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता करतार सिंह भड़ाना को अपना खुला समर्थन देकर क्षेत्र में हलचल पैदा कर दी है।
विकास की अनदेखी से उपजा आक्रोश
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और स्थानीय नेताओं ने वर्तमान व्यवस्था के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। वहीं शाह मोहम्मद का तीखा हमला: उन्होंने कहा कि हम अपने विधायक से बेहद परेशान होकर यहाँ आए हैं। मुख्यमंत्री हर विधायक को ₹10 करोड़ की निधि देते हैं, लेकिन हमारे क्षेत्र में एक फैक्ट्री तक नहीं लगी। जब विधानसभा चलती है, तो हमारे विधायक पटना या राजस्थान में होते हैं। अब हमें पढ़ा-लिखा नहीं, बल्कि ‘विकास पुरुष’ चाहिए।
वहीं भाजपा नेता अनीस अहमद ने कहा कि यह तो बस शुरुआत है, आने वाले समय में पूरा गांव भाजपा से जुड़ेगा। 2027 में भाजपा की जीत सुनिश्चित है और हम सब एकजुट होकर करतार सिंह भड़ाना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे।
वहीं टांडा-बनेड़ा से आए ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि भले ही उनका क्षेत्र मुस्लिम बाहुल्य हो, लेकिन इस बार वोट केवल विकास और भाजपा की नीतियों को जाएगा। उन्होंने ‘तांडा-बनेड़ा’ बायपास और जर्जर चक रोड जैसी समस्याओं के समाधान के लिए भड़ाना के नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास जताया।
पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना का संकल्प
सैकड़ों लोगों के समर्थन से उत्साहित पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना ने सभी नवागंतुकों का सम्मान किया और कहा “आज टांडा-बनेड़ा के सैकड़ों लोगों का यह समर्थन इस बात का प्रमाण है कि जनता अब केवल विकास, सुरक्षा और सम्मान की राजनीति चाहती है। भाजपा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। मंगलौर विधानसभा की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का समान विकास मेरी प्राथमिकता है। आने वाला समय भाजपा की ऐतिहासिक जीत का गवाह बनेगा।”
बदल गई मंगलौर की सियासी तस्वीर
इस कार्यक्रम ने यह साफ कर दिया है कि मंगलौर में अब चुनावी मुकाबला बेहद रोचक होने वाला है। भाजपा की नीतियों और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से प्रभावित होकर जिस तरह से मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों से समर्थन मिल रहा है, उसने विपक्षी खेमों की चिंता बढ़ा दी है।