
मंगलौर (ग्रामीण तहकीकात): देवभूमि उत्तराखंड के मीडिया जगत में आज एक नया सितारा जुड़ गया है। मंगलौर में डिजिटल मीडिया पोर्टल ‘न्यूज़ 1 उत्तराखंड’ के भव्य कार्यालय और मीडिया हाउस का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम में राजनीति, प्रशासन और पत्रकारिता जगत की तमाम बड़ी हस्तियों ने शिरकत की।

दिग्गजों का लगा जमावड़ा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन और झबरेड़ा विधायक वीरेन्द्र जाति मौजूद रहे। दोनों विधायकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यालय का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में विधायकों ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका बेहद अहम है और उम्मीद जताई कि यह पोर्टल क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाएगा।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
विशिष्ट अतिथि के रूप में मंगलौर कोतवाल अमरजीत सिंह अपने समस्त पुलिस स्टाफ के साथ पहुँचे। इसके साथ ही पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना के भतीजे कुलदीप भडाना और संदीप भडाना ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर संस्थान को अपनी शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर रुड़की और मंगलौर क्षेत्र के दिग्गज राजनेता और भारी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पत्रकारिता के क्षेत्र में नई क्रांति: अरशद हुसैन
‘न्यूज़ 1 उत्तराखंड’ के चेयरमैन और प्रेस क्लब ऑफ मंगलौर के अध्यक्ष अरशद हुसैन ने सभी मेहमानों का आभार व्यक्त करते हुए संस्थान के विजन को साझा किया। उन्होंने अपने बयान में कहा:
“आज के दौर में डिजिटल मीडिया की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। ‘न्यूज़ 1 उत्तराखंड’ केवल एक पोर्टल नहीं, बल्कि जनता की बुलंद आवाज बनेगा। हमारा लक्ष्य सत्ता के गलियारों से लेकर गांव की गलियों तक की हर सच्ची खबर को बिना किसी डर और पक्षपात के जनता तक पहुँचाना है, ताकि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ अपनी मर्यादा और मजबूती के साथ खड़ा रहे।”

पत्रकारों ने दी बधाई
उद्घाटन समारोह में रुड़की और मंगलौर के पत्रकारों का जमावड़ा लगा रहा। वरिष्ठ पत्रकारों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल युग में तेज़ और सटीक खबरें पहुँचाने के लिए न्यूज़ 1 उत्तराखंड एक सशक्त माध्यम बनेगा।