संवैधानिक अधिकारों और आपसी भाईचारे पर थाना प्रभारी अजय शाह ने दिया जोर, इकबालपुर चौकी प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ रहा मौजूद।

झबरेड़ा (ग्रामीण तहकीकात)। विश्व अल्पसंख्यक दिवस के अवसर पर गुरुवार को चौकी इकबालपुर में पुलिस और अल्पसंख्यक समुदाय के बीच एक महत्वपूर्ण संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के मुस्लिम एवं सिख समुदाय के तमाम संभ्रांत व्यक्तियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अल्पसंख्यकों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में सांप्रदायिक सौहार्द को और अधिक मजबूत करना रहा।
वहीं गोष्ठी के दौरान थाना प्रभारी अजय शाह ने उपस्थित नागरिकों को अल्पसंख्यक आयोग की कार्यप्रणाली और उनके हितों के लिए बनी सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन की ओर से मुस्लिम और सिख समुदाय के प्रबुद्ध व्यक्तियों को अल्पसंख्यक आयोग से संबंधित मार्गदर्शिकाएं और पुस्तकें भी वितरित की गई। अजय शाह ने कहा, “किसी भी लोकतंत्र की मजबूती इस बात पर टिकी है कि उसके अल्पसंख्यक सुरक्षित और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों। इन पुस्तकों के माध्यम से आमजन आयोग के नियमों और कानूनी प्रावधानों को आसानी से समझ सकेंगे।”
वहीं इकबालपुर चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक नवीन चौहान ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनिवार्य है। उन्होंने क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों से अपील की, कि वे युवाओं को नशे और अपराध से दूर रखने में पुलिस का सहयोग करें।
कार्यक्रम में झबरेड़ा और इकबालपुर क्षेत्र के दर्जनों प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए। गोष्ठी में मौजूद मुस्लिम और सिख समुदाय के प्रतिनिधियों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से जनता और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ता है।
इस दौरान झबरेड़ा थाना अध्यक्ष अजय शाह एवं उपनिरीक्षक नवीन चौहान के साथ ही थाने ओर चौकी का समस्त पुलिस स्टाफ और भारी संख्या में क्षेत्र के सम्मानित नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने का संकल्प लिया।