
• थाना अध्यक्ष अजय शाह के साथ स्कूली छात्र छात्राओं ने लगाई दौड़

झबरेड़ा (ग्रामीण तहकीकात)। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर झबरेड़ा पुलिस ने “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम झबरेड़ा थाना परिसर से शुरू हुआ और कस्बा झबरेड़ा शिव चौक से जवान चौक तक एवं झंडा चौक से होते हुए वापस थाने पर आकर संपन्न हुआ। थाना अध्यक्ष अजय शाह के साथ पुलिस स्टाफ व चौधरी भरत सिंह इंटर कॉलेज झबरेड़ा, चरत निकेतन विश्व भारती सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल झबरेडा, श्री सत्यनारायण इंटर कॉलेज मखदुमपुर, संजीवनी हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च झबरेड़ा आदि कॉलेजो के छात्र छात्राओं ने करीब 2 किलो मीटर की दौड़ लगाई। इसके बाद थाना अध्यक्ष अजय शाह ने छात्र छात्राओं को एनर्जी ड्रिंक और फल वितरित किए।

थाना अध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को हर जिले व थानाक्षेत्र में एक से डेढ़ किलोमीटर की रन फार यूनिटी का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा राष्ट्रीय एकता का संदेश व्यापक रूप से प्रसारित करने के लिए मुख्यालय स्तर से रन फार यूनिटी के लिए विस्तृत निर्देश दिए गए थे। वहीं हर हस्ताक्षर, एकता का संदेश देते हुए सभी ने अपने-अपने हस्ताक्षर किए।
वहीं “रन फॉर यूनिटी” में शामिल होने के उपरांत झबरेड़ा विधायक वीरेन्द्र जाति ने कहा सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पूरे झबरेड़ा सहित देशभर में युवाओं और नागरिकों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। हम सब सौभाग्यशाली हैं कि हमें सरदार पटेल जैसा व्यक्तित्व आज़ादी के समय मिला। उन्होंने खंड-खंड में बंटे हुए भारत को एक अखंड राष्ट्र बनाया। आज जो भारत एक सूत्र में बंधा है, वह उन्हीं की दूरदृष्टि और नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अगर आज़ादी के बाद सरदार पटेल को देश का प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिला होता तो देश की स्थिति और भी सशक्त होती। उन्होंने कहा पटेल के सिद्धांतों पर चलकर ही देश आगे बढ़ सकता है। हम सभी को उनकी जयंती पर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लेना चाहिए।


कार्यक्रम के दौरान पूर्व न्यायाधीश बीएस वर्मा, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति, झबरेड़ा थाना अध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक जय सिंह राणा, चौकी प्रभारी इकबालपुर नवीन चौहान, चौकी प्रभारी लखनोता रोहित कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शहजाद अली, उपनिरीक्षक रविंद सिंह आदि झबरेड़ा थाना के पुलिसगण सहित लगभग 500 छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
