रुड़की (ग्रामीण तहकीकात)। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के इमली रोड स्थित जैन प्रोविजनल स्टोर में काम करने वाला एक युवक अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक के परिजनों ने दुकान मालिक पर मारपीट करने और युवक की गुमशुदगी में संलिप्त होने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है
मिली जानकारी के अनुसार, लापता युवक का नाम साहिल है जो अंबर तालाब क्षेत्र का निवासी है। साहिल शादीशुदा है और उसकी एक छोटी बेटी भी है। वह पिछले कुछ समय से जैन प्रोविजनल स्टोर में काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर दुकान पर किसी बात को लेकर साहिल और दुकान मालिक के बीच विवाद हुआ। परिजनों का आरोप है कि दुकान मालिक ने साहिल के साथ मारपीट की, जिसके बाद से ही वह अचानक लापता हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही साहिल के परिजन दुकान पर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि उन्हें युवक का कोई पता नहीं चल रहा, जबकि दुकान मालिक अपनी दुकान और घर दोनों जगह ताला लगाकर फरार हो गया है।
सूचना पाकर सिविल लाइन कोतवाली पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की और दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। परिजनों ने कोतवाली में पहुंचकर साहिल की गुमशुदगी की तहरीर भी दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।पुलिस ने बताया कि दुकान मालिक की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी।